कैंसर यानी शरीर के किसी अंग में कोशिकाओं का असामान्य रूप से बढ़ना। यह खतरनाक होता है और कई बार जानलेवा भी। मुंह के कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, लंग कैंसर.... इस घातक बीमारी के कई प्रकार हैं। उन्हीं में से एक है स्किन कैंसर। त्वचा की कोशिकाएं जब असामान्य रूप से विकसित होने लगे तो स्किन कैंसर होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर के जिस हिस्से पर सूर्य की किरणें सीधी पड़ती हैं, उस हिस्से पर स्किन कैंसर होने का खतरा ज्यादा रहता है। कैंसर का उपचार जटिल होता है। हालांकि इसके इलाज के विकल्पों को लेकर दुनिया के विभिन्न देशों में शोध हो रहे हैं। भारतीय शोधकर्ताओं को भी इस दिशा में एक कामयाबी मिली है। दरअसल, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी), बेंगलूरू के शोधकर्ताओं ने स्किन कैंसर के उपचार के लिए ट्यूमर को खत्म करने वाला एक खास बैंडेज तैयार किया है।