कोरोनाकाल में हम सभी आयुर्वेद का प्रभाव देख ही चुके हैं। इस पूरे साल हमने यही जाना कि हमारे स्वास्थ्य के लिए घरेलू नुस्खे कितने उपयोगी हैं। इनके जरिए उपचार की आयुर्वेद में एक विशिष्ट पद्धति है। बुधवार को इसी संदर्भ में ‘अमर उजाला‘ एवं ‘हमदर्द‘ द्वारा एक वेबिनार आयोजित किया गया। वेबिनार में आयुर्वेदाचार्य डॉ. शिवशंकर त्रिपाठी एवं यूनानी विशेषज्ञ प्रोफेसर एबी खान शामिल हुए। विशेषज्ञों ने बताया कि घरेलू नुस्खों में जुकाम से लेकर कोविड संक्रमण से बचाव तक यानी मोटेतौर पर हर मर्ज की दवा मौजूद है।
कोविड संक्रमण से इस तरह बचें
आयुर्वेदाचार्य शिवशंकर त्रिपाठी ने बताया कि कोविड संक्रमण से बचने के लिए हम अपने रसोईघर में ही मौजूद मसालों का सदुपयोग करें। लहसुन, कालीमिर्च, मुलेठी, अदरक, दालचीनी, तुलसी को पानी में उबालने के बाद स्वाद के लिए गुड़ मिलाकर इसका सेवन जरूर करें। कई सारे लोगों ने इस वर्ष इस काढ़े का सेवन कर स्वास्थ्य लाभ उठाया है। प्रतिदिन भाप लें और गर्म पानी का अधिक से अधिक सेवन करें। रोग-प्रतिरोधक क्षमता के विकास के लिए महिलाएं प्रतिदिन दूध और हरी सब्जी का सेवन जरूर करें।
यूनानी पद्धति की छह बातों का रखें खयाल, नहीं पड़ेंगे बीमार
प्रोफेसर एबी खान ने बताया कि यूनानी पद्धति के अनुसार छह मुख्य बातों का यदि व्यक्ति ध्यान रखे तो वह बीमार हो ही नहीं सकता। यह छह चीजें हैं-हवा-पानी, खान-पान की चीजें, सोना, जागना, शारीरिक-मानसिक कसरत और तनाव। खान ने कहा कि यदि हवा, पानी, खानपान स्वच्छ होगा, व्यक्ति समय पर सोना-जागना करेगा, नियमित रूप से शारीरिक और मानसिक कसरत करेगा और तनावरहित रहेगा तो वह बीमार नहीं होगा, इसलिए इस सूत्र को अपने जीवन में जरूर शामिल करें।
विजेताओं ने बताए ये घरेलू नुस्खे
-आगरा की कनिका ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए उनके परिवार के सदस्य प्रतिदिन सुबह भाप लेते हैं और एक-एक चम्मच काढ़ा पीते हैं।
-देहरादून के 70 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल अग्रवाल ने बताया कि वे दिन में तीन बार कॉफी पीते हैं, जिसमें वे एक चुटकी हल्दी, कालीमिर्च और दालचीनी मिलाते हैं।
-लखनऊ की आकांक्षा ने बताया कि वे हमेशा से सुबह उठते ही तुलसी के पत्तों का सेवन करती हैं और लॉकडाउन की शुरुआत से ही वह अपने पूरे परिवार के साथ हल्दी वाला दूध पीने लगी हैं।
प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत
वेबिनार में ही घरेलू नुस्खों से जुड़ी एक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता पिछले दिनों लखनऊ एवं देहरादून में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल अग्रवाल, कनिका, कृष्णकांत, मुस्कान, आकांक्षा, अर्चना, ज्योति, किरण, दीपिका एवं ब्रिजेंद्र सिंह को 2100-2100 रूपये की राशि इनाम स्वरूप दी गई। विजेताओं ने वेबिनार के दौरान ही अपनी शंकाओं का आयुर्वेदाचार्य एवं यूनानी विशेषज्ञ से समाधान प्राप्त किया।