कोरोना की वैक्सीन बनाने का काम जोर-शोर से जारी है। इस समय भारत, अमेरिका, रूस, चीन और ब्रिटेन समेत दुनियाभर में 23 वैक्सीन पर काम चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि सितंबर तक इस जानलेवा बीमारी की वैक्सीन बाजार में उपलब्ध हो जाएगी। हालांकि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती, तब तक दवाइयों के सहारे कोरोना मरीजों को ठीक करने का काम किया जा रहा है। डेक्सामेथासोन, हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन और रेमडेसिविर जैसी दवाइयां कोरोना मरीजों के इलाज में कारगर साबित हुई हैं। इस बीच ब्रिटेन की कंपनी सिनर्जीन (Synairgen) ने एक अन्य दवा की मदद से कोरोना मरीजों के इलाज में सफलता का दावा किया है। कंपनी के मुताबिक, उसकी दवाई से कोरोना मरीजों के गंभीर रूप से बीमार होने का खतरा 79 फीसदी तक घट गया है। आइए जानते हैं इस 'जीवनरक्षक दवा' के बारे में...