केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि पश्चिम बंगाल में सरकार का बदलाव “अपरिहार्य” है और राज्य में भाजपा की रथ यात्रा निकाले जाने से यह प्रक्रिया और भी मजबूत होगी। इस दौरान उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि राज्य के लोग भाई-भतीजावाद, बढ़ते भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण से पीड़ित हैं। उन्होंने आगे कहा, मुझे बीते एक साल से विभिन्न स्रोतों से जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार तो यही कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में बदलाव अपरिहार्य है और राज्य में भाजपा की रथ यात्रा से इस प्रक्रिया को मजबूती मिल सकती है।
ममता बनर्जी के भतीजे पर साधा निशाना
बता दें, भाजपा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर कई घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाती रही है और इसी कारण उन पर तंज भी कसती रही है। पार्टी इन दिनों ममता बनर्जी पर जिन मुद्दों को लेकर प्रहार कर रही है, उनमें भ्रष्टाचार और परिवारवाद सबसे बड़े मुद्दे हैं।
इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब इस राज्य में और कुछ नहीं सिर्फ भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और भाई-भतीजावाद है। उन्होंने कहा कि यह बात आम लोग कह रहे हैं, जिनका भाजपा के साथ किसी तरह का जुड़ाव नहीं है।
147 का है जादुई आंकड़ा
उल्लेखनीय है कि अप्रैल-मई में पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं। यहां पर 147 का मैजिक फिगर या जादुई आंकड़ा है यानी इतनी सीटें हासिल करने वाला सरकार बना लेगा। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि उनकी पार्टी को 200 से अधिक सीटें मिलेंगी। ऐसे में भाजपा और तृणमूल दोनों ही पार्टियों के बीच अभी से चुनावी जंग शुरू हो गई है। दोनों ही पार्टियों के नेता आए दिन एक-दूसरे पर निशाना साधते हैं।