फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजदूर के इन बेटों ने रचा इतिहास, IIT में बजाया डंका

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रतिभा पैसे या सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, न ही गांव और शहर में भेद करती है। यह साबित कर दिखाया एक मजदूर के दो बेटों ने। आईआईटी प्रवेश परीक्षा में बेहतर स्थान हासिल करने वाले ये दोनों मेधावी लालगंज तहसील के रेहुआलालगंज गांव के रहने वाले हैं।
विज्ञापन


दोनों छात्रों और उनके पिता के सामने फीस भरने की परेशानी थी, अब वह दिक्कत दूर हो गई है। इन्हें आगे पढ़ाने के लिए न सिर्फ यूपी सरकार आगे आई है, बल्कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी हाथ बढ़ाया है।

राहुल ने शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दोनों छात्रों से बातकर उनकी सफलता के लिए बधाई दी और आगे पढ़ाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और रामपुर खास की विधायक मोना तिवारी ने भी उनकी पढ़ाई में पैसे की कमी आड़े नहीं आने देने की बात कही है।
विज्ञापन

बृजेश को 410वीं और राजू को 167वीं रैंक

लालगंज तहसील के उदयपुर थाना क्षेत्र स्थित रेहुआलालगंज निवासी धर्मराज सरोज के पास एक धूर भी जमीन नहीं है। किसी तरह छप्परनुमा घर में पूरा परिवार रहता है। घर में धर्मराज के अलावा पत्नी, पांच बेटे, एक बेटी और बूढ़े मां-बाप हैं।

सब का खर्चा गांव में रहकर चलाना आसान नहीं था। ऐसे में धर्मराज सूरत जाकर मजदूरी करने लगे। परिवार के लोग बकरी पालन के साथ मजदूरी कर किसी तरह परिवार की गाड़ी खींच रहे हैं। धर्मराज के दूसरे नंबर का बेटा बृजेश और तीसरे नंबर का बेटा राजू शुरू से ही प्रतिभाशाली है। दोनों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ था, जिससे फीस और खानपान का खर्च धर्मराज को नहीं उठाना पड़ता था।

बृजेश नवोदय विद्यालय लखनऊ और राजू नवोदय विद्यालय हैदराबाद से इंटर करने के बाद आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। बृजेश ने 410 वीं रैंक और राजू ने 167वीं रैंक हासिल की।

दूर हुई पढ़ाई के लिए भारी भरकम फीस की चिंता

आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्था में चयन होने पर पूरा परिवार खुश है लेकिन पढ़ाई के लिए भारी भरकम फीस की चिंता सताने लगी। मां प्रेमकुमारी, बाबा शिवनाथ, दादी महरानी समेत गांव के तमाम लोग इस दुविधा में ही थे कि राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक आराधना मिश्रा मोना ने बृजेश और राजू की शानदार सफलता पर परिवार को बधाई देते हुए दोनों होनहारों को सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि दोनों होनहार देश या विदेश में जहां भी आगे की पढ़ाई करना चाहें, सारा खर्च वे खुद उठाएंगे। सोमवार को सांसद प्रमोद तिवारी, धर्मराज के बेटों को बधाई देने व सम्मानित करने रेहुआ लालगंज जाएंगे। इससे पहले प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, रामकृपाल सरोज, महेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान अमरनाथ पाल समेत कई लोगों ने उनके घर जाकर बधाई दी।

वहीं शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजू के मोबाइल पर फोनकर बधाई दी और दोनों की पढ़ाई का खर्च वहन करने का वादा किया। उनके फोन करने के कुछ देर बाद स्थानीय बैंककर्मियों ने राजू के घर जाकर दोनों का खाता खोला।

दोनों को सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री अखिलेश

रेहुआलालगंज निवासी धर्मराज के बेटे बृजेश व राजू को सम्मानित करने का फैसला मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया है। सीएम का संदेश लेकर शनिवार को एसडीएम योगेंद्र सिंह रेहुआलालगंज गांव पहुंचे।

उन्होंने जैसे ही मुख्यमंत्री की खबर दी, पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। दोनों ने यह सोचा नहीं था कि उनके होनहार बेटे इस मुकाम तक पहुंच पाएंगे। जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी रविवार को दोनों बच्चों को लेकर मुख्यमंत्री के पास जाएंगे। दोनों को मुख्यमंत्री सम्मानित करने के साथ ही पढ़ाई के खर्च के लिए भी व्यवस्था करेंगे।

होनहारों की मदद के लिए आगे आए इफको के एमडी
आईआईटी प्रवेश परीक्षा में बेहतर रैंक हासिल करने वाले बृजेश और राजू की आगे की पढ़ाई के लिए इफको के एमडी उदयशंकर अवस्थी भी आगे आए हैं। परिवार की माली हालत और पढ़ाई के लिए खर्च के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। प्रतापगढ़ में इफको के फील्ड आफीसर सत्यवीर सिंह ने बताया कि उन्हें जल्द ही यह धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
विज्ञापन

इंजीनियर बन देश की सेवा करना चाहता है राजू

आईआईटी में 167 वीं रैंक हासिल करने वाले राजू का सपना इंजीनियर बनने का है। पहले ही प्रयास में आईआईटी में चुने जाने वाले राजू का कहना है कि वह आगे चलकर एक सफल इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहता है।

इलाहाबाद बैंक ने स्वीकृत किया शिक्षा ऋण
आईआईटीज में दाखिला के लिए जेईई-एडवांस्ड में अच्छी रैंक के साथ सफल मजदूर के दोनों बेटों की मदद के लिए इलाहाबाद बैंक ने भी हाथ बढ़ाया है। इन मेधावियों की पढ़ाई में पैसे की कमी बाधा न बनें इसलिए बैंक ने दोनों विद्यार्थियों के लिए शिक्षा ऋण पहले ही स्वीकृत कर दिया है।

डीजीएम आनंद कृष्ण ने बताया कि विद्यार्थियों के आवेदन पर पढ़ाई, हॉस्टल, किताब-कापी आदि हर तरह के खर्च के लिए बैंक की ओर से लोन देने का निर्णय लिया गया है। दोनों विद्यार्थियों का गांव प्रतापगढ़ के सांगीपुर शाखा के अंतर्गत है। शाखा प्रबंधक ने परिवार वालों से मिलकर बैंक के इस फैसले की जानकारी दी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें