प्रयागराज की शक्ति दुबे बनीं टॉपर
शक्ति दुबे ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। शक्ति दुबे ने अपनी ग्रेजुएशन (बैचलर ऑफ साइंस) की डिग्री इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकैमिस्ट्री में की है। ग्रेजुएशन करने के बाद बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से बायोकैमेस्ट्री में एमएससी की है। 2018 में पोस्ट ग्रेजुएट होने के बाद शक्ति दुबे ने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी। आयोग द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि दुबे ने इस परीक्षा में राजनीतिक विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुना और सफलता हासिल की।
उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और शहर को गौरवान्वित किया है, बल्कि लाखों यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हैं। शक्ति की सफलता पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
7 जनवरी से 17 अप्रैल तक चला इंटरव्यू
इंटरव्यू राउंड की शुरुआत 7 जनवरी 2025 से हुई थी, जोकि 17 अप्रैल 2025 तक चले थे। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले लगभग 2845 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। सिविल सेवा परीक्षा 2024 के तहत आईएएस, आईपीएस समेत सर्विसेज में 1132 पदों पर भर्ती निकाली थी। पहले अधिसूचना में भी 1056 वैकेंसी ही थी लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 1132 कर दिया गया।
UPSC Result: रिक्त पदों का विवरण
यूपीएससी सीएसई 2024 के तहत विभिन्न सेवाओं में रिक्तियों की संख्या की घोषणा की गई है। आईएएस (IAS) में कुल 180 वैकेंसी हैं, जिनमें से 73 पद अनारक्षित हैं, जबकि 24 पद एससी, 13 पद एसटी, 52 पद ओबीसी, और 18 पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं। वहीं, आईपीएस (IPS) में 150 वैकेंसी हैं, जिनमें से 60 पद अनारक्षित हैं और 23 पद एससी, 10 पद एसटी, 42 पद ओबीसी, और 15 पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं। जबकि आईएफएस (IFS) में कुल 55 पद हैं, जिनमें से 23 पद अनारक्षित हैं, 9 पद एससी, 5 पद एसटी, 13 पद ओबीसी, और 5 पद ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं।