आयोग ने एक संशोधित अधिसूचना जारी कर कहा है कि यूपीएससी सीएसई 2022 के लिए रिक्तियों की संख्या 861 से बढ़ाकर अब 1,011 कर दी गई है। संशोधन के तहत आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा में भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (आईआरएमएस), ग्रुप-ए की भर्ती के लिए अतिरिक्त 150 पदों को और जोड़ा गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर संशोधित अधिसूचना भी पढ़ सकते हैं।
अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने सिविल सेवा परीक्षा- 2022 के माध्यम से भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS), ग्रुप 'ए' में 150 कर्मियों की भर्ती करने का निर्णय किया है। तदनुसार, सरकार कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। गौरतलब है कि सरकार ने इससे पहले 2019 में सिविल सेवा परीक्षा में आईआरएमएस को शामिल करना बंद कर दिया था।
तब से इसे इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा के माध्यम से इस परीक्षा को आयोजित किया जा रहा था। उस वक्त यानी दिसंबर 2019 में, रेल मंत्रालय ने जूनियर स्केल से लेकर सभी स्तरों तक भारतीय रेलवे की आठ मौजूदा सेवाओं को भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS) में एकीकृत करने की घोषणा की थी। इसके लिए, रेल मंत्रालय और कार्मिक मंत्रालय की ओर से फॉर्मूला तैयार किया जाएगा। हालांकि, पिछले दो वर्षों में ऐसी कोई एकीकृत भर्ती नहीं की गई है।