फिलहाल, कमेटी के गठन को चार माह पूरे होने जा रहे हैं। लेकिन, आयोग अब तक प्रारंभिक परीक्षा के प्रारूप और परीक्षा तिथि पर कोई निर्णय नहीं ले सका है। वहीं, आरओ/एआरओ के 411 पदों पर भर्ती के लिए 1076004 लाख अभ्यर्थी परीक्षा तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं। आयोग कि किसी भी परीक्षा के लिए पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
होली के बाद एक बार फिर आंदोलन
नवंबर-2024 में हुए आंदोलन के नेतृत्वकर्ताओं में से एक आशुतोष पांडेय ने मम्फोर्डगंज के शिवाजी पार्क में अभ्यर्थियों के साथ बैठक की। उसमें तय किया गया कि अगर आयोग जल्द परीक्षा तिथि घोषित नहीं करता है तो होली के बाद एक बार फिर आयोग पर नवंबर 2024 की तरह व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पीसीएस-2024 के रिजल्ट के खिलाफ कोर्ट जाएंगे अभ्यर्थी
बैठक में यह भी तय हुआ कि पीसीएस-2024 की प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट के खिलाफ अभ्यर्थी कोर्ट जाएंगे। प्रतियोगी छात्र आशुतोष पांडेय ने कहा कि आयोग ने पीसीएस प्री-2024 की अंतिम उत्तरकुंजी जारी नहीं की। जबकि, प्रारंभिक परीक्षा में एक दर्जन गलत सवाल पूछे गए थे। आयोग ने उन सवालों पर आई आपत्तियों का निराकरण किया या नहीं, किसी को नहीं पता। आयोग कुछ भी स्पष्ट करने को तैयार नहीं है। ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने एक ही रास्ता है कि वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएं। प्रस्तावित आंदोलन में भी यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा।