UPPSC RO ARO Exam: उत्तर प्रदेश समीक्षा अधिकारी (आरओ)/ सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा-2023 की तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का सब्र अब टूटने लगा है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर छात्रों में असंतोष बढ़ा है। उन्होंने परीक्षा के लिए एक बार फिर आंदोलन की तैयारी कर ली है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने 11 फरवरी 2024 को आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2023 पेपर लीक होने के कारण निरस्त कर दी थी। इसके बाद यह परीक्षा दिसंबर 2024 में प्रस्तावित की गई थी। लेकिन, परीक्षा दो दिन व तीन पालियों में कराने के निर्णय का अभ्यर्थियों ने विरोध किया और नवंबर-2024 में आयोग के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया। अभ्यर्थी चाहते थे कि परीक्षा पूर्व की भांति एक ही दिन में पूरी करा ली जाए। हालांकि, आयोग ने समस्या का समाधान नहीं निकाला, बल्कि इस मामले को टालने के लिए परीक्षा को ही टाल दिया। आयोग ने एक कमेटी का गठन कर अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि जल्द रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद परीक्षा के प्रारूप व तिथि पर निर्णय लिया जाएगा।