उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो रही है। परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा एजेंसियां ने सोशल मीडिया पर पेपर बेचने का दावा करने वालों समेत सॉल्वर गैंग, नकल माफिया गिरोह आदि पर नजर बनाए रखे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी है। परीक्षा शुरू होने से लगभग एक से दो घंटा पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे परीक्षार्थियों की तीन स्तर पर जांच होगी। पहली पाली की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश शुरू हो गए हैं।
परीक्षार्थियों की जांच के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई हैं। परीक्षार्थियों के साथ आए अभिभावकों के ठहरने के लिए परीक्षा केंद्र के आस-पास व्यवस्था की गई है। रेलवे व बस स्टेशन पर आने वाले अभ्यर्थियों को सेंटर की जानकारी देने में विभाग के कर्मी मदद करेंगे। रेलवे, बस स्टेशन व अन्य साधनों से आने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। जिला, प्रशासन, पुलिस विभाग व केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षार्थियों की मदद करेंगे। प्रशासन के अनुसार, परीक्षार्थियों के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।
काला, नीला बाल प्वाइंट पेन के साथ प्रवेश, बाकी न लाएं
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को काला, नीला बाल प्वाइंट पेन ही साथ लेकर अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट, डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबुल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर, डिजिटल पेन साथ नहीं ले जा सकेंगे। मोबाइल आदि भी नहीं ले जा सकेंगे। खाने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा लाना पूर्ण रूप से वर्जित है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों को यूपी की रोडवेज बसों में किराया नहीं देना होगा। लेकिन इसके लिए उन्हें अपने प्रवेश पत्र की दो प्रतियां लेकर जानी होगी। एक प्रति बस कंडक्टर को देनी होगी। जो कि परीक्षा के 24 घंटे पहले से परीक्षा के 24 घंटे बाद तक लागू होगा। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हर परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई हैं। परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र पर आधार सत्यापन भी किया जाएगा।
चिह्नित हॉटस्पॉट्स पर ड्रोन कैमरों से चेकिंग की व्यवस्था
अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ, यातायात, रेलवे, डायल-112 के साथ सभी जोन के एडीजी, पुलिस कमिश्नर, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी को अपने-अपने जिलों में अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए परीक्षा केन्द्रों के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों से विशेष नजर रखी जाएगी। अति संवेदनशील स्थानों पर नए सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर ड्रोन कैमरों से चेकिंग की व्यवस्था की गई है।