UP Police Constable Recruitment: हुआ ये बदलाव
दरअसल, बोर्ड ने शर्त रखी थी कि आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की जन्मतिथि व हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बीच 13 वर्ष का अंतर होना चाहिए। बदलाव की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा, 'ऑनलाइन आवेदन में जन्मतिथि व हाईस्कूल पूर्ण करने में 13 वर्ष के अंतर के प्रतिबंध संबंधी समस्या/सुझाव को संज्ञानित करते हुए वेबसाइट में यथावश्यक संशोधन कर दिए गए हैं। आप अपना आवेदन कर सकते हैं।'
30 लाख से पार होगी आवेदनों की संख्या
गौरतलब है कि आवेदन का लिंक बुधवार 27 दिसंबर की रात करीब 10 बजे जारी हुआ था। लिंक खुलने के बाद 28 दिसंबर गुरुवार रात करीब 10 बजे तक बड़ी तादाद में उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन व फॉर्म सब्मिट कर चुके थे।
60244 पदों पर निकाली गई यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती में इस बार 30 लाख से 32 लाख आवेदन आने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने पहले 25 लाख आवेदन आने की संभावना जताई थी लेकिन आयु सीमा में 3 साल छूट मिलने के बाद फॉर्म की संख्या में बंपर इजाफा होना तय है। इससे पहले यूपी पुलिस कांस्टेबल की भर्ती 2018 में निकली थी।