देश भर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों यानी आईआईटी (IIT) और भारतीय प्रबंध संस्थानों यानी आईआईएम (IIM) में करीब 29 हजार पद खाली हैं। इन तीनों श्रेणी के उच्च शिक्षा संस्थानों में 9,800 से अधिक शैक्षणिक और 18,500 गैर-शैक्षणिक पद खाली हैं। इस बात की अधिकृत जानकारी बुधवार को राज्यसभा के पटल पर रखी गई। संसद के उच्च सदन में एक लिखित प्रश्न का जवाब देते हुए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने यह जानकारी दी।
केंद्र सरकार की ओर से संसद में साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश भर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुल 6,229 शैक्षणिक पद खाली हैं। आईआईटी (IIT) और आईआईएम (IIM) में रिक्त शैक्षणिक पदों की संख्या क्रमशः 3,230 और 403 है। वहीं, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में रिक्त गैर-शैक्षणिक की पदों की संख्या 13,782 है जबकि IIT और IIM में क्रमशः 4,182 और 543 गैर-शैक्षणिक की पद खाली पड़े हैं।