टाइपिंग टेस्ट को लेकर क्या बदलाव हुआ?
इस भर्ती में सबसे बड़ा बदलाव टाइपिंग स्किल टेस्ट को लेकर है। नोटिफिकेशन के अनुसार सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट पदों के लिए Computer Based Typing Skill Test (CBTST) को हटा दिया गया है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि उम्मीदवारों को कंप्यूटर और टाइपिंग का ज्ञान नहीं होना चाहिए। उम्मीदवारों से कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान और पर्याप्त टाइपिंग क्षमता होने की अपेक्षा की जाएगी।
इस दक्षता का आकलन नौकरी ज्वाइन करने के बाद किया जाएगा। प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहने पर इसका असर कन्फर्मेशन यानी स्थायी नियुक्ति या प्रमोशन में देरी के रूप में पड़ सकता है।
किन पदों पर कितनी भर्ती होगी?
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती में कुल 3,548 पद शामिल हैं। पदवार संख्या इस तरह है:
- गुड्स ट्रेन मैनेजर: 2,750 पद
- सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट: 371 पद
- जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट: 300 पद
- चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर: 127 पद
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए?
इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। जो उम्मीदवार अभी अपनी अंतिम परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे आवेदन नहीं कर सकते। 6 नवंबर 2026, यानी आवेदन की अंतिम तारीख तक अंतिम परीक्षा का परिणाम आ जाना जरूरी है।
उम्र कितनी होनी चाहिए?
उम्मीदवार की उम्र 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी। जोकि इस प्रकार है:
- एससी/एसटी: 5 वर्ष
- ओबीसी: 3 वर्ष
चयन प्रक्रिया में क्या-क्या होगा?
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती में चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- सीबीटी-1
- सीबीटी-2
- दस्तावेज सत्यापन
- मेडिकल परीक्षण
टाइपिंग टेस्ट हटाए जाने के कारण सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट पदों के लिए सीबीटी-2 के बाद सीधे दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल की प्रक्रिया होगी।
क्या परीक्षा में अंग्रेजी के सवाल आएंगे?
दिए गए विवरण के अनुसार रेलवे की इस परीक्षा में अंग्रेजी विषय से कोई प्रश्न नहीं पूछा जाएगा। परीक्षा में कोई सेक्शनल टाइमर भी नहीं रखा गया है। इसलिए उम्मीदवारों को अपनी तैयारी गणित, रीजनिंग और सामान्य ज्ञान/जीएस पर केंद्रित रखनी होगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन के लिए सामान्य शुल्क 500 रुपये रखा गया है। जो उम्मीदवार CBT-1 परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें इसमें से 400 रुपये वापस किए जाएंगे। वहीं एससी, एसटी, महिला, ईबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये है। CBT-1 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को यह पूरी 250 रुपये की राशि वापस कर दी जाएगी।
इस तरह आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती 2026 में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए सबसे अहम बदलाव टाइपिंग टेस्ट को लेकर है। सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट पदों के लिए CBTST अब चयन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं होगा, लेकिन नौकरी मिलने के बाद टाइपिंग दक्षता का आकलन किया जाएगा।