PM Rojgar Mela 2023: पीएम नरेंद्र मोदी ने साल 2023 के पहले रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 71,000 लोगों को नियुक्ति पत्र दिया। साथ ही प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं भी दीं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा आज भारत के गांवों में भी उद्यमी हैं, जो डिजिटल तकनीक से बहुत अच्छी तरह वाकिफ हैं। मुझे यह जानकर गर्व महसूस हो रहा है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि हौसला बुलंद रखें और साहस, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के छोटे-छोटे शहरों में लोग जिस तरह स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं, वह नई पीढ़ी के लिए आकर्षण और आत्मविश्वास का केंद्र बना हुआ है। स्टार्टअप की सफलता ने दुनिया भर में युवा शक्ति के सामर्थ्य की नई पहचान बनाई है। पीएम मोदी ने रोजगार मेले को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापार-कारोबार की दुनिया में कहा जाता है कि Consumer is always right वैसे ही शासन व्यवस्था में हमारा मंत्र होना चाहिए Citizen is Always right। आज जिन्हें नियुक्ति पत्र मिला है उनके लिए ये जीवन का नया सफर है। सरकार का अहम हिस्सा होने के नाते 'विकसित भारत' में आपकी सक्रिय भागीदारी रहेगी और विशेष जिम्मेदारी रहेगी।