पीएम इंटर्नशिप योजना 2025 के लिए आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों की आयु सीमा 21 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा, वे युवा आवेदन कर सकते हैं जो किसी पूर्णकालिक रोजगार या शिक्षा में संलग्न नहीं हैं। ऑनलाइन और डिस्टेंस लर्निंग के माध्यम से अध्ययन करने वाले उम्मीदवार भी इस इंटर्नशिप के लिए पात्र माने जाएंगे। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों की पारिवारिक वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक है, वे इस योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते।
इसके अलावा, यदि परिवार का कोई सदस्य स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत है, तो ऐसे परिवार के युवा इस योजना का लाभ नहीं ले सकते। प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे IIT, IIM, IISER, NID, IIIT, NLU आदि से स्नातक कर चुके उम्मीदवार और जो युवा सीए, सीएमए, सीएस, एमबीबीएस, बीडीएस, एमबीए या किसी अन्य मास्टर डिग्री धारक हैं, वे भी इस इंटर्नशिप के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा, जो युवा किसी अन्य सरकारी योजना के तहत स्किल ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं, वे भी इस इंटर्नशिप का लाभ नहीं उठा सकते।
चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 5000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा, जिसमें से 4500 रुपये केंद्र सरकार द्वारा और 500 रुपये संबंधित कंपनी के CSR फंड से दिए जाएंगे। साथ ही, सभी चयनित उम्मीदवारों को एकमुश्त 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।