सोलर पैनल इंस्टॉलेशन कोर्स
आप राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के सोलर पावर इंस्टॉलेशन ऑनलाइन कोर्स, भारतीय सौर ऊर्जा संस्थान तथा एडवांस इलेक्ट्रिकल डिजाइन और इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट के विभिन्न ऑनलाइन सर्टिफिकेट, डिप्लोमा कोर्स और वर्कशॉप में शामिल होकर सोलर पैनल लगाने के तौर-तरीके सीख सकते हैं। इसके अलावा स्किल इंडिया प्लेटफॉर्म पर दसवीं और बारहवीं के छात्रों के लिए 'सोलर पैनल इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन' कोर्स की पेशकश की जा रही है।
इस कोर्स के लिए आप आधिकारिक लिंक tinyurl.com/a4435kex पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। कोर्सेरा, एडएक्स और उडेमी जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी सोलर एनर्जी में सर्टिफिकेट कोर्स कराते हैं।
डिग्री कोर्स
12वीं के बाद आप जेईई मेन या अन्य प्रवेश-परीक्षाओं या सीधे कॉलेज काउंसलिंग के जरिये बीटेक इन सोलर एडं अल्टरनेटिव एनर्जी, बीटेक इन एनर्जी इंजीनियरिंग, बीई इन सोलर एनर्जी, बीएससी इन रिन्यूएबल एनर्जी आदि पाठ्यक्रम में स्नातक कर सकते हैं। इस क्षेत्र में आप एमटेक या एमएससी इन रिन्यूएबल एनर्जी, एमटेक इन एनर्जी इंजीनियरिंग और एमई इन सोलर एनर्जी में स्नातकोत्तर भी कर सकते हैं।
व्यावहारिक ज्ञान
आप नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (mnre.gov.in) की इंटर्नशिप में शामिल होकर इस क्षेत्र का व्यावहारिक ज्ञान पा सकते हैं। दो से छह महीने की इस इंटर्नशिप में चयनित छात्रों को प्रतिमाह 15,000 रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाता है। इसके अलावा आप सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी एनआईटी और दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी की इंटर्नशिप में शामिल होकर काम करने के विभिन्न तरीकों के बारे में जान सकते हैं।
भारत व विदेश में मौके
आप विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में बतौर सोलर फोटोवोल्टिक इंस्टॉलर, सोलर इंजीनियर, एनर्जी एनालिस्ट एंड कंसल्टेंट जैसे पदों पर काम कर सकते हैं। विदेश में नौकरी करने के इच्छुक इबरड्रोला एसए, जीई वर्नोवा, नेक्स्टएरा एनर्जी, कॉन्स्टेलेशन एनर्जी कॉर्प जैसी कंपनियों में नौकरी कर सकते हैं।