उत्तर मध्य रेलवे में ग्रुप सी 4248 पदों पर भर्तियां होने वाली हैं। इन रिक्त पदों का इंडेंट जोन ने रेलवे भर्ती बोर्ड को भेजा है। इसमें 674 पद अनुसूचित जाति और 633 पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इसके साथ ही रेलवे में एससी और एसटी कर्मचारियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने दिया है।
सीपीआरओ नवीन बाबू के मुताबिक शुक्रवार को जोनल मुख्यालय में अखिल भारतीय अनुसूचित जाति/जन जाति रेलवे कर्मचारी संगठन की महाप्रबंधक से बातचीत हुई। इसमें महाप्रबंधक ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड में 2010 का पैनल वर्ष 2013-14 में मिला। इसमें 444 पद अनुसूचित जाति और 447 पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित थे। वर्ष 2014-15 में 413 पदों का पैनल प्राप्त हुआ है। इसमें 86 एससी और 40 एसटी उम्मीदवार हैं।
आरआरसी के जरिए होने वाली भर्तियों में एससी/एसटी पदों पर हुई भर्तियों की जानकारी भी महाप्रबंधक ने दी है। बैठक में संगठन के जोनल अध्यक्ष संतोष कुमार अहिरवार, जोनल महासचिव लालसा राम, सीपीओ ओम प्रकाश, सीओएम यूके सिंह, सीसीएम विजयीराम आदि मौजूद रहे।