IBPS Clerk Recruitment Last Date: इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क भर्ती 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की थी। आवेदन करने की आखिरी तारीख आज यानी 28 अगस्त 2025 है। ऐसे में जो भी अभ्यर्थी अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे तुरंत आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर लें। इस भर्ती के जरिए देशभर के विभिन्न सरकारी बैंकों में कुल 10,277 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वहीं, जो अभ्यर्थी पहले ही आवेदन कर चुके हैं, वे 2 सितंबर से 3 सितंबर 2025 तक अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म को एडिट करने की सुविधा आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर उपलब्ध होगी। हालांकि, इसमें कुछ फील्ड्स जैसे नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, राज्य/यूटी, पता, पोस्ट एप्लाइड फॉर और नेशनलिटी को बदला नहीं जा सकेगा।
केवल वही उम्मीदवार करेक्शन कर पाएंगे जिन्होंने निर्धारित समय सीमा में फीस जमा कर सफलतापूर्वक आवेदन सबमिट किया है।
आवेदन में सुधार करने के लिए उम्मीदवारों को 200 रुपये का शुल्क देना होगा। साथ ही, अगर किसी उम्मीदवार ने कई आवेदन किए हैं, तो उसे केवल नवीनतम आवेदन फॉर्म को ही एडिट करना होगा।