मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले प्रफुल्ल बिल्लौरे को आज लाखों लोग MBA चायवाला के नाम से जानते हैं। महज 25 साल की उम्र में वो एक सफल उद्यमी और इंफ्लूएंसर हैं। 2017 से अहमदाबाद विश्वविद्यालय से एमबीए करने के बाद प्रफुल्ल ने अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने का फैसला लिया और इस तरह एमबीए चाय वाला का आइडिया आया। इस नौजवान के चाय का धंधा इतना चला कि टर्नओवर करोड़ों का हो गया। वो एक सोशल मिडिया स्टार हैं और यूट्यूब पर उनके विडियोज को करोड़ों लोगों ने में पसंद किया है। देश के युवा उनसे बेहद प्रभावित हैं।
चाय नहीं, मोटिवेशन बेचता है एमबीए चायवाला
एमबीए चाय वाला 2017 में प्रफुल्ल द्वारा स्थापित एक अखिल भारतीय चाय उद्यम है जिसने इस साल अपने पांच साल पूरे किए हैं। हाल ही में 5वीं वर्षगांठ पर कोलकाता, इंदौर, सूरत, पटना और प्रयागराज जैसे शहरों में पांच नए आउटलेट खोले गए। इस अवसर पर हमने उनसे खास बातचीत की जिसमें उन्होंने बताया की अब एमबीए चायवाला के देश में कुल 100 आउटलेट खोले जा चुके हैं और ये आंकड़ा साल के अंत तक 150 के नजदीक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा की आज एमबीए चायवाला के सफल होने का कारण यह है कि हमने चाय नहीं बेची, हमने हमेशा मोटीवेशन बेचा है।
प्रफुल्ल ने इस अवसर पर बात करते हुए कहा, अब मेरी कोशिश हर घर से एक उद्योगपति पैदा करने की है और इसका जिक्र मैं हर जगह करता हूं। जब मैंने 2017 में एमबीए चाय वाला की शुरुआत की तो मेरा एकमात्र उद्देश्य देश में स्थानीय चाय ठेले वालों की उनके व्यवसाय बढ़ाने में मदद करना था।
छोटे भाई विवेक बिलोरे का अहम योगदान
अपने उद्योग की कामयाबी का जिक्र करते हुए प्रफुल्ल ने अपने छोटे भाई विवेक बिलोरे को एक अहम कारण बताया और विवेक की मेहनत को सराहा।
छोटे भाई विवेक के साथ प्रफुल्ल की तस्वीर उन्होंने कहा "मेरी कंपनी को खड़ा करने के पीछे बहुत लोगों का योगदान है जिसमें एक अहम भूमिका विवेक ने निभाई है। मैं तो सिर्फ सामने से नजर आता हूं लेकिन पीछे के काम को विवेक बहुत अच्छे से संभालता है।"
नौकरी करने से पहले स्किल डेवलप करना ज़रूरी
इस बातचीत के दौरान उन्होंने नौकरी, स्किल डेवलपमेंट और पूंजीवाद जैसे युवाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर बात की। युवाओं को सलाह देते हुए उन्होंने कहा " हर युवक के जीवन में एक दौर आता है जब उसे अपने करियर को लेकर कुछ समझ नहीं आ रहा होता। लेकिन उस दौर में जरूरी है कि आप मेहनत करें और अपने स्किल्स पर ध्यान दें।आप डिजिटल मार्केटिंग सीख सकते हैं या और भी कोई स्किल सीखकर अपने आपको नौकरी हासिल करने के प्रबल दावेदार बना सकते हैं।"
Author:हर्षित शर्मा