केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सशस्त्र पुलिस बलों जैसे सीआरपीएफ और बीएसएफ के जवानों के लिए एक सुविधा पोर्टल लांच किया है। इस पोर्टल के माध्यम से जवानों को सेवानिवृत्ति के बाद फिर से नौकरी पाने में मदद मिलेगी। इस पोर्टल का नाम सीएपीएफ पुनर्वास/CAPF Punarvaas रखा गया है। कल्याण और पुनर्वास बोर्ड (WARB) माध्यम से सेवानिवृत्त जवान अपनी निजी जानकारी को दर्ज कर के मदद प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपनी विशेषता और काम करने के स्थान का जिक्र करना होगा।
आधिकारिक नोटिस में बताया गया है कि सीएपीएफ और असम रायफल के जवानों को निजी सुरक्षा एजेंसीयों में रोजगार दिलाने के मकसद से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निर्देशों के अनुसार मंत्रालय ने सीएपीएफ पुनर्वास को लांच किया है। गृह मंत्रालय की ओर से निजी सुरक्षा एजेंसियों के पंजीयन के लिए निजी सुरक्षा एजेंसियां विनियमन अधिनियम (PSARA) के तहत एक अन्य पोर्टल भी चलाया जाता है। अब दोनों ही वेबसाइट को इंटरलिंक कर दिया गया है। इसकी मदद से रोजगार तलाशने वाले करने वाले और रोजगार प्रदान करने वाले दोनों एक प्लेटफॉर्म पर सेवानिवृत्त कार्मिकों के डेटा का उपयोग कर सकेंगे।
देश में बढ़ते व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को देखते हुए निजी सुरक्षा एजेंसियों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही इन एजेंसियों के लिए सुरक्षा कर्मियों की भी जरूरत बढ़ेगी। मंत्रालय के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मंत्रालय की ओर से की गई यह पहल सीएपीएफ कर्मियों के कल्याण की दिशा में एक कदम है। यह जवानों और उनकी पुनर्वास की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित होगी। बयान में आगे कहा गया है कि बयान में कहा गया है कि सीएपीएफ कर्मियों और उनके परिवारों का कल्याण पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।