केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) परीक्षा के संबंध में अहम सूचना दी है। सीटेट के लिए पहली बार दो चरणों में प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। पहले चरण में प्रवेश पत्र में शहर व परीक्षा की तिथि का विवरण होगा। दूसरे चरण में परीक्षा केंद्र और परीक्षा के समय की जानकारी दी जाएगी। परीक्षा तिथि से दो दिन पहले प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिन्हें अभ्यर्थियों को वेबसाइट ctet.nic.in में जाकर डाउनलोड करना होगा। बोर्ड ने इस संबंध में अहम नोटिस अपनी वेबसाइट में जारी कर दिया है।
सीटेट परीक्षा 16 दिसंबर से 13 जनवरी, 2022 के दौरान आयोजित की जाएगी। फोटो व हस्ताक्षर को नियमित फॉर्मेट में न भेजने वालों के लिए अहम सूचना भी जारी की गई है। इन उम्मीदवारों को फिर से वेबसाइट में जाकर अपनी तस्वीरों और हस्ताक्षर को सही फॉर्मेट में अपलोड करने के लिए कहा है। फोटो सुधार के लिए आज अंतिम अवसर है।
गौरतलब है कि सरकार की तरफ से कई एतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। इस वर्ष अब तक राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट), उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि पूरी पारदर्शिता और सख्त इंतजाम के बीच परीक्षा का आयोजन हो।
दिसंबर में होने वाली परीक्षा के लिए जारी हुए ई-प्रवेश पत्र
16 से 31 दिसंबर, 2021 के दौरान होने वाली सीटेट परीक्षा 2021 के लिए ई-प्रवेश पत्र बोर्ड ने अपनी वेबसाइट ctet.nic.in पर जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने आवेदन शुल्क का भुगतान कर दिया है और उन्हें परीक्षा तिथियां आवंटित हो गई हैं। वह अपने ई-प्रवेश पत्र को इस लिंक पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही 1 से 13 जनवरी, 2021 के दौरान जिन उम्मीदवारों को परीक्षा तिथियां आवंटित की गई हैं। उनके ई-प्रवेश पत्र जनवरी, 2022 में नियम समय पर अपलोड किए जाएंगे।