दसवीं की फूड प्रोडक्शन और हेल्थ केयर विषय की परीक्षा के साथ शनिवार से सीबीएसई की परीक्षाओं का आगाज हो गया है। सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं 30 मार्च तक चलेंगी। बता दें कि प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा होने के चलते बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए दो घंटे का समय आवंटित किया गया था। गौरतलब है कि 18.89 लाख बच्चे 10वीं कक्षा और 12.06 लाख बच्चे 12वीं कक्षा की परीक्षा में उपस्थित हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
CBSE 10वीं-12वीं की परीक्षा शुरू, बोर्ड ने कहा - इन 10 निर्देशों का पालन करें विद्यार्थी
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा शुरू होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उनसे कहा कि वे तनावमुक्त होकर खुशनुमा माहौल में बोर्ड परीक्षा दें। पीएम मोदी ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उपस्थित होने वाले छात्रों को ‘एक्जाम वारियर’ बताते हुए कहा कि महीनों के कठिन परिश्रम और तैयारी का निश्चित तौर पर अच्छा परिणाम आयेगा।
खास बात यह है कि सीबीएसई (CBSE) ने भी पहली बार नए तरीके के साथ बच्चों का मनोरंजन किया है। सीबीएसई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट यानी सीबीएसई एचक्यू पर पहली बार मीम्स बनाकर सबके साथ सांझा किए हैं। मजेदार मीम्स के लिए स्टूडेंट्स भी जमकर रिएक्शंस दे रहे हैं। बता दें मीम्स ट्विटर अकाउंट पर शेयर किए गए हैं।