BPSC 70th Re Exam: पटना के बापू केंद्र की रद्द की गई 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 4 जनवरी 2025 को दोबारा किया जाएगा। इस परीक्षा में लगभग 12,000 अभ्यर्थी भाग लेंगे। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से करना होगा।
परीक्षा का समय और केंद्र पर एंट्री के नियम
री-एग्जाम 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा और परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से 11 बजे के बीच परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एग्जाम हॉल में किन चीजों पर है प्रतिबंध?
एग्जाम हॉल में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, या अन्य गैजेट्स ले जाना सख्त मना है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ये चीजें पाई जाती हैं, तो उसे तुरंत परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा, और आयोग उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।
परीक्षा पैटर्न और नेगेटिव मार्किंग
परीक्षा का समय दो घंटे होगा, जिसमें 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। हर गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
क्यों हुई थी परीक्षा रद्द?
13 दिसंबर 2024 को आयोजित 70वीं सीसीई प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पटना के बापू परीक्षा केंद्र का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग ओएमआर शीट फाड़ते और लेकर भागते नजर आए। इस घटना के बाद इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई। हालांकि, अन्य केंद्रों की परीक्षा रद्द नहीं की गई थी।
एडमिट कार्ड कैसे करें डाउनलोड?
जिन अभ्यर्थियों ने अब तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है, वे बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट [bpsc.bih.nic.in](https://bpsc.bih.nic.in) पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ एक वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी) लाना अनिवार्य है।