कोरोना का असर इस बार आईआईटी कैंपस प्लेसमेंट में देखने को नहीं मिला। इस बार इंजीनियरों को 50 फीसदी तक बढ़कर पैकेज ऑफर हुए हैं। आईआईटी बॉम्बे, खड़गपुर, रुड़की, दिल्ली, मद्रास समेत अन्य संस्थानों के कैंपस प्लेसमेंट में पिछले साल के मुकाबले 16 से लेकर 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। इसमें ढाई करोड़ तक का पैकेज मिला है। विदेश के बजाय अब भारत में रहकर भी आकर्षक पैकेज पर नौकरी मिल रही है। स्टार्टअप में भी रुचि बढ़ी है।
आईआईटी कैंपस प्लेसमेंट में 50 फीसदी तक बढ़ा पैकेज
आईआईटी दिल्ली में 45 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज हुई है। अभी तक 400 से अधिक छात्रों को नौकरी मिल चुकी है। इसमें प्री-प्लेसमेंट ऑफर भी शामिल है। प्री-प्लेसमेंट ऑफर पिछले पांच सालों में सबसे अधिक रहे। बहुत सारे छात्रों को एक से अधिक कंपनियों में भी नौकरी मिली है। विदेशी कंपनियों ने डेढ़ से दो करोड़ के सालाना ऑफर किए हैं।
आईआईटी बॉम्बे में पिछले साल के मुकाबले करीब 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। जबकि 25 फीसदी तक नई कंपनियां आई हैं। अभी तक 1201 ऑफर दिये गए हैं। आईआईटी मद्रास में 43 फीसदी से बढ़ोतरी दर्ज हुई। आईआईटी मंडी के प्लेसमेंट में 16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि अधिकतम वेतन 9 फीसदी बढ़ा है।
आईआईटी गुवाहाटी में 200 से अधिक छात्रों को नौकरी मिली तो आईआईटी धनबाद में ब्लूमबर्ग लंदन ने दो छात्रों को 89-89 लाख रुपये सालाना का पैकेज ऑफर किया है। इसके अलावा 14 छात्रों को 50 लाख से अधिक तो 124 छात्रों को 25 लाख से अधिक का पैकेज ऑफर हुआ है। 675 छात्रों को नौकरी मिली है और 91 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला है।
आईआईटी रुड़की में विदेश जितना पैसा देश में मिला
आईआईटी रुड़की में विदेश जितना ही पैकेज देश की नौकरी में ऑफर हुआ है। कैंपस में पहली बार एक छात्र को इंटरनेशनल पैकेज में 2.15 करोड़ रुपये सालाना ऑफर हुए है। जबकि तीन छात्रों को पहली बार 1.08 से 1.30 करोड़ का घरेलू पैकेज मिला है। इससे पहले घरेलू पैकेज 80 लाख रुपये तक के होते थे। यहां 11 छात्रों को एक करोड़ से अधिक का सालाना पैकेज ऑफर हुआ है। वहीं, कुल 31 छात्रों को इंटरनेशनल पैकेज मिला है।
यह कंपनियां पहुंचीं
गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, सैमसंग, एडोब, वॉलमार्ट, बोस्टन, मैकेंजी, गोल्डमैन साक्स स्प्रिंकलर, पेटीएम, अमेजन, कैशफ्री, इसरो, फिल्पकार्ट, क्वालॅकॉम, रिलायंस जियो, केपजेमिनी, विस्काडिया, सेरेमॉर्फिक एडवर्ब, एलएडटी आदि कंपनियों ने प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा लिया।