Wakf Amendment Bill: संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन बिल 2024 को आज लोकसभा में पेश किया। केंद्र सरकार के इस फैसले से झारखंड की राजनीति में भी असर दिख रहा है। राज्य सरकार में सहयोगी दल कांग्रेस और राजद ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता का उल्लंघन करार दिया है। वहीं, भाजपा ने पलटवार कर बिल को संशोधन रिफॉर्म के लिए महत्वपूर्ण बताया।
केंद्र सरकार के द्वारा बुधवार को वक्फ संशोधन बिल को लोकसभा में पेश किया गया, जिसके बाद देश भर में इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई है। झारखंड की राजनीति भी इससे अछूती नहीं रही। लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश होने के बाद झारखंड सरकार में सहयोगी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, वक्फ संशोधन विधेयक का कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा स्थापित धार्मिक स्वतंत्रता का इस विधेयक के द्वारा उल्लंघन किया जा रहा है। केंद्र सरकार आरएसएस की नीति को अपनाकर कार्य कर रही है, जो कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन
वहीं, राजद ने भी वक्फ संशोधन बिल पर नाराजगी जाहिर की है। राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता कैलाश यादव ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा यह बिल सीधे तौर पर मुस्लिम समाज को कमजोर करने और भय का माहौल बनाने वाला है। यह बिल स्पष्ट रूप से असंवैधानिक है। क्योंकि ईश्वर के नाम से दान की हुई वक्फ संपत्ति को लूटने और बेदखल करने की कोशिश है। जबकि वक्फ कानून में किसी की दान की हुई संपत्ति उस धर्म और समुदाय का होता है, जिसे पूर्वजों ने दे दिया था। लेकिन भाजपा अल्पसंख्यक समाज के जमीन को ही लूटने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश भाजपा की ओर से वक्फ संशोधन बिल का स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार में सहयोगी दल कांग्रेस पार्टी सहित गठबंधन में शामिल दलों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह संशोधन मुस्लिम समाज में जरूरतमंद, महिलाओं को उनके हक और अधिकार दिलाने का विधेयक है। वर्तमान में जो राजनीतिक दल अल्पसंख्यक समाज, समाज की महिलाओं की प्रगति और विकास नहीं देखना चाहते, वे ही इसका विरोध कर रहे। वक्फ संशोधन बिल का एक ही मकशद है, वक्फ बोर्ड को भू-माफियाओं और लुटेरों के चंगुल से मुक्त कराना। कुछ राजनीतिक दल जो अपने आप को मुस्लिम समाज का हितैषी बताते हैं, वो इसे भू-माफियाओं की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं।