मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना
- फोटो : ट्विटर
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शनिवार को शुभारंभ किया। इसके तहत राज्य में किसानों के बैंक खातों में पैसा सीधे भेजा जाएगा। इस योजना के तहत लाभार्थी किसानों को प्रति वर्ष कम से कम 5,000 रूपये तथा अधिकतम 25,000 रूपये मिलेंगे। यह केंद्र की प्रधानमंत्री कृषि योजना के अलावा होगी।
उपराष्ट्रपति ने झारखंड के 35 लाख किसानों को हर साल पांच हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता देने की इस योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि कृषि संकट में है और अन्नदाता की रक्षा आवश्यक है। इस योजना के तहत राज्य के सभी लघु एवं सीमांत किसानों को जिनके पास अधिकतम पांच एकड़ तक कृषि योग्य जमीन होगी उन्हें हर साल 5,000 रूपये प्रति एकड़ की दर से सहायता अनुदान दिया जाएगा, जिससे उनकी ऋण पर निर्भरता में कमी आएगी। नायडू ने सुझाव दिया कि किसानों को दी जाने वाली राशि महिलाओं के बैंक खाते में डाले जाने से उसका और अधिक सदुपयोग होगा।