झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने बुधवार को गुमला जिले के चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में चर्चा का विषय बन गई है।
शिकायत से शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में थाना प्रभारी द्वारा घूस मांगे जाने की शिकायत एसीबी को प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके काम के बदले तीस हजार रुपये की मांग की जा रही है।
पढ़ें- Jharkhand: ‘कॉफी विद एसडीएम’ में चाय दुकानदारों से संवाद, गढ़वा में जमीनी समस्याओं पर खुलकर हुई चर्चा
घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए थानाधिकारी
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोपनीय जांच कराई। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना के साथ ट्रैप की कार्रवाई तय की। तय समय और स्थान पर जैसे ही थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। मौके से तीस हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद की गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद थाना प्रभारी को आगे की कार्रवाई के लिए रांची ले जाया गया। मामले को लेकर जांच की प्रक्रिया जारी है।