झारखंड के गुमला जिले की आदिवासी नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी बात रखते हुए निशा भगत ने कथित भू-माफियाओं और झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी मौत के बाद जहां परिवार में मातम पसरा है, वहीं क्षेत्र में घटना को लेकर आक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
निशा भगत की मौत के बाद उनके पैतृक आवास पर परिजनों, शुभचिंतकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का पहुंचना जारी है। इसी क्रम में झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी निशा भगत के पैतृक आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान निशा भगत के पिता हंदु भगत ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग उठाई। उन्होंने अजय तिर्की और संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों की गिरफ्तारी की मांग की। पिता का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि उनकी बेटी की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
गौरतलब है कि आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव पर निशा भगत द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच होना जरूरी है। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता जांच और संबंधित पक्षों के आधिकारिक पक्ष के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- बिहार: दो सगे भाइयों को ट्रक ने कुचला, हादसे के बाद चालक फरार; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
निशा भगत की मौत के बाद उनके पैतृक आवास पर राजनीतिक और सामाजिक लोगों की आवाजाही से मामला अब राजनीतिक रूप भी लेता दिखाई दे रहा है। परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील कर रहे हैं।
अब सवाल यह है कि फेसबुक लाइव में उठाए गए मुद्दों की जांच किस स्तर पर होगी और निशा भगत के पिता द्वारा सीबीआई जांच तथा आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर प्रशासन क्या कदम उठाता है। फिलहाल, परिवार को न्याय मिलने और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा होने का इंतजार है।