फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड मौसम अपडेट: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, 15 जिलों में अलर्ट; तेज हवा और बारिश की चेतावनी

Thu, 29 Oct 2026 10:25 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम केंद्र ने छह जिलों पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब का असर झारखंड में दिखाई देने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम केंद्र ने हालात को देखते हुए छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बृहस्पतिवार को राज्य में तूफान का व्यापक असर पड़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। तूफान के प्रभाव से राज्य के कई शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

छह जिलों में ऑरेंज और नौ जिलों में येलो अलर्ट

चक्रवाती तूफान के असर को देखते हुए मौसम केंद्र ने झारखंड के 15 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इन छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राजधानी रांची के साथ खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की आशंका है। इन नौ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के शेष जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

तापमान में गिरावट, कई शहरों में हुई बारिश

मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार, अंडमान सागर से उठी हवा 23 अक्तूबर को बंगाल की खाड़ी में पहुंची थी। इसके बाद 26 अक्तूबर को बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया। तूफान बुधवार सुबह 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों से टकराया। अब इसके कमजोर होकर उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं।

विज्ञापन


तूफान के प्रभाव से झारखंड के कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची के अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। जमशेदपुर और मेदिनीनगर में 4.4 डिग्री, चाईबासा में 3.8 डिग्री और बोकारो में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक चाईबासा में 13 मिलीमीटर, जमशेदपुर में नौ मिलीमीटर, लातेहार में आठ मिलीमीटर और रांची में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं, मेदिनीनगर और बोकारो में दो-दो मिलीमीटर बारिश हुई है।

30 अक्तूबर को फिर बारिश और वज्रपात की आशंका

बंगाल की खाड़ी में एक और नया मौसमी तंत्र विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से 30 अक्तूबर को झारखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्तूबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। एक नवंबर से चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे धीरे-धीरे बादल छंटने लगेंगे। इसके बाद तीन नवंबर से राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें