भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी आईएसएम) धनबाद में शुक्रवार रात दुखद हादसा सामने आया, जहां बीटेक पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र माने प्रतीक राजकुमार ने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे संस्थान परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतक छात्र मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और संस्थान परिसर स्थित एक्वामरीन हॉस्टल में रह रहा था।
हॉस्टल परिसर में हड़कंप
हादसे की सूचना मिलते ही संस्थान के हॉस्टल वार्डन, सुरक्षा अधिकारी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आनन-फानन में छात्र को असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संस्थान प्रशासन ने घटना के संबंध में मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। प्रारंभिक पड़ताल के दौरान मृतक के दोस्तों तथा अन्य छात्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम का कारण निजी और घर से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल धनबाद थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्र के माता-पिता और स्वजनों के धनबाद पहुंचने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
पढ़ें: 986 केंद्रों पर 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; इन 3 केंद्रों के बदले पते
पूर्व में घटीं आत्महत्या की घटनाएं
आईआईटी आईएसएम धनबाद परिसर में बीते वर्षों में भी खुदकशी और संदिग्ध मौतों की कई दुखद घटनाएं दर्ज की गई हैं। सितंबर 2018 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहे छात्र रंजन राठी ने जैस्पर हॉस्टल के डी ब्लॉक में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। इसके बाद दिसंबर 2022 में हैदराबाद निवासी 2018 बैच के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र चेरूकुरी प्रवीण का शव अंबर हॉस्टल में गमछे के सहारे लटका हुआ मिला था।
परिसर में दर्ज अन्य मामले
संस्थान में कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों द्वारा भी खुदकशी के मामले सामने आ चुके हैं। जनवरी 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में कार्यरत जूनियर तकनीशियन दीपक कुमार ने अपने स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। दीपक मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले का निवासी था। जुलाई 2024 में कमांडो कंपनी के सुरक्षा गार्ड राजू गिरी ने भी आत्महत्या कर ली थी, जो बिहार के गया जिले के टेकारी का रहने वाला था। इसके अलावा मार्च 2025 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन के बीटेक छात्र तन्मय प्रजापति की हॉस्टल के बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हुई थी। इंदौर निवासी तन्मय के शव के पास से इंजेक्शन की सुई बरामद हुई थी।