पलामू पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है। संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जोरकट टोल प्लाजा के पास छापेमारी कर 10 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी से भरे 14 चक्का ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से राजस्थान के एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को सदर थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सतबरवा के जंगलों से खैर की लकड़ियों की अवैध कटाई की जा रही है। इन लकड़ियों को डालटनगंज के रास्ते बाहर भेजने की तैयारी थी।
टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी
मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर स्थित जोरकट टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध 14 चक्का ट्रक रोककर तलाशी ली गई। ट्रक का डाला खैर की लकड़ी के बोटों से पूरी तरह भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सह तस्कर को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत झिवाणा गांव निवासी 25 वर्षीय शमीम के रूप में हुई है।
प्राथमिकी दर्ज कर नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने लकड़ी लदे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफल छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, अनिल कुमार यादव तथा सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार शामिल थे। पुलिस अब इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।