झारखंड में बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने इबोला से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के बाद रिम्स, सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और सदर अस्पतालों को सख्त निर्देश दिए गए। भारत सरकार के इबोला संबंधी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी अस्पताल किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। संदिग्ध मरीज की सूचना पर तत्काल अधिकारियों को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए। जांच, आइसोलेशन और समुचित इलाज की निर्धारित प्रक्रिया सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मंत्री ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए।
इबोला के लक्षण और बचाव क्या हैं?
स्वास्थ्य मंत्री ने इबोला वायरस के बारे में आम लोगों को जागरूक किया। यह एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो जानलेवा भी हो सकती है। संक्रमण के बाद 2 से 21 दिनों में तेज बुखार, सिरदर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिख सकते हैं। यह संक्रमित व्यक्ति के खून या शरीर के तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैलता है। यह हवा से नहीं फैलता, इसलिए अनावश्यक भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें:
रिम्स जमीन घोटाला: रांची में छह पूर्व अधिकारी गिरफ्तार, एसीबी का बड़ा एक्शन; पहले पांच आरोपी भी पकड़े जा चुके
तैयारियों का लिया जायजा, लोगों से की अपील
इबोला से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई और पीपीई किट का इस्तेमाल अनिवार्य है। सुरक्षित सैंपल कलेक्शन और निर्धारित आइसोलेशन प्रक्रिया का पालन भी जरूरी है। रांची स्थित रिम्स में 12 नवंबर को मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। मंत्री ने कहा, "जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहते।" उन्होंने जनता से अपील की, "इबोला को लेकर घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।"