बिहार में मोकामा विधायक अनंत सिंह की सदस्यता पर फैसला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार करेंगे। जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है। अध्यक्ष ने दस्तावेजों और साक्ष्यों की समीक्षा की बात कही है।
बिहार में मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उनकी सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश की है। इस मामले पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्राप्त दस्तावेजों और साक्ष्यों की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। समीक्षा पूरी होने के बाद संवैधानिक प्रावधानों और विधानसभा की नियमावली के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
दरअसल, विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह पर जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार का समर्थन नहीं करने और जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करने का आरोप लगा था। इस मामले को लेकर पार्टी के भीतर विवाद बढ़ गया। जदयू की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत पत्र के साथ वीडियो, अखबारों की कटिंग और अन्य साक्ष्य भी सौंपे गए हैं।
पढे़ं: अनंत सिंह की मेहनत बेकार, नीरज को सर्टिफिकेट का इंतजार; विधान परिषद परिणाम देखें