गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर हथियारों और गोलियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में एक देसी कार्बाइन, एक AK-56 राइफल, मैगजीन, विभिन्न बोर की गोलियां, मोबाइल फोन और धारदार फरसा समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन से चार अन्य लोग फरार हो गए। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के लेकटो टोली के आसपास राजेंद्र यादव अपने कुछ साथियों के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। आशंका जताई गई थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम रात करीब 10:45 बजे लेकटो टोली गांव के पास पहुंची। वहां लाल रंग की वैगनआर कार (JH01AA-9378) खड़ी मिली, जिसमें चार से पांच लोग सवार थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। अंधेरे और जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर कई लोग फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें हथियार और गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस ने 28 अक्टूबर को सघन छापेमारी अभियान चलाकर राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक AK-56 राइफल और गोलियां भी बरामद की गईं।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth Moon Rise Time: बादल के चलते चंद्रोदय में हो सकती है देरी, जानिए आपके शहर में कब निकलेगा चांद ?
बरामद सामान में एक देसी कार्बाइन, एक AK-56 राइफल, दो मैगजीन, 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां, 7.62 एमएम की 34 गोलियां, दो मोबाइल फोन, दुर्गा पूजा की चंदा पर्ची और लकड़ी व लोहे से बना धारदार फरसा शामिल है।
गिरफ्तार राजेंद्र यादव गंदूर यादव का पुत्र है और लेकटो टोली का निवासी बताया गया है। पुलिस ने रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य संदिग्धों का भी उल्लेख किया है। मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।