सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे में स्थित फोरलेन निर्माण स्थल पर रंगदारी न मिलने पर गोलीबारी करने की साजिश को पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह से जुड़े चार युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, 12 गोलियां, दो मैगजीन और एक खोखा जब्त किया गया है। गिरोह के सरगना राहुल दुबे ने फोरलेन निर्माण साइट से रंगदारी की मांग की थी। रकम न मिलने पर उसने निर्माण स्थल पर दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी की साजिश रची थी। इस वारदात को अंजाम देने के बदले युवकों को डेढ़ से दो लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक हथियारों के साथ चैनपुर के मंगरदाहा घाटी में जुटे हैं। वे किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राजेश यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल जब कचरा डिपो के पास पहुंची तो चारों युवक डीपीएस स्कूल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और चारों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और इतिहास
तलाशी के दौरान युवकों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहपुर के हुसैनी मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, शाहपुर के नई मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय मो. सैफ, इसी मोहल्ले के 20 वर्षीय शाहिद खलीफा और बंजारी निवासी 19 वर्षीय युसुफ अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि सईद मोसाहिद पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल में ही उसकी मुलाकात राहुल दुबे गिरोह के सदस्य से हुई थी। जुलाई में जेल से बाहर आने के बाद वह इस गिरोह से जुड़ गया था।
हथियार आपूर्ति और प्राथमिकी दर्ज
पूछताछ के दौरान सईद मोसाहिद ने खुलासा किया कि राहुल दुबे ने लहलहे की निर्माण साइट से लेवी मांगी थी। लेवी न मिलने के कारण चारों को वहां जाकर गोलीबारी करनी थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि इस वारदात के लिए हथियार और गोलियां बंजारी निवासी युसुफ अंसारी ने ही उपलब्ध कराई थीं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।