बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। जदयू के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार ने मंगलवार को रांची में नामों की घोषणा की।
श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व राज्य मंत्री सुधा चौधरी को छोड़कर (छत्ररपुर एससी सीट से उम्मीदवार) सभी उम्मीदवार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सूची में जिन अन्य उम्मीदवारों का नाम दिया गया है उनमें कृपालता देवी (बिशुनपुर-एसटी), बुद्धेश्वर उरांव (मनिका-एसटी), सुशील कुमार मंगलम (पनकी), ब्रम्हदेव प्रसाद (बिश्मपुर-एसटी) और आदित्य चंदेल (हुसैनाबाद) शामिल हैं।
झारखंड में पहले चरण में 81 विधानसभा सीटों में से 13 सीटों पर चुनाव होगा। नीतीश कुमार की पार्टी ने अगस्त में घोषणा की थी कि वह झारखंड में इस बार अकेले चुनाव लड़ेगी। पांच चरणों में होने वाले चुनाव का समापन 20 दिसंबर को होगा और मतगणना तीन दिन बाद यानी 23 दिसंबर को होगी।
लोजपा ने जारी की पहली सूची
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। लोजपा ने एलान किया है कि पार्टी 81 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पहली सूची में नगर भवनाथपुर से रेखा चौबे, हैसेनाबाद से आनंद प्रताप सिंह, छत्तरपुर (एससी) से शशिकांत कुमार, विश्रामपुर से शशिरंजन धर दुबे और पांकी से रामदेव प्रसाद यादव चुनाव लड़ेंगे।