आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने प्रेसवार्ता कर आंदोलन की चरणबद्ध रूपरेखा की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक निशा भगत को न्याय नहीं मिलता और पूरे मामले की सीबीआई जांच नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च निकालकर निशा भगत को श्रद्धांजलि देंगी। वहीं, 17 नवंबर को पूरे झारखंड में मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी जिलों में बंद बुलाया गया है।
भाजपा नेता राम कुमार पाहन ने कहा कि झारखंड में पहले भी कई आदिवासी नेताओं की हत्या हो चुकी है, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निशा भगत से जुड़े मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को गांव-गांव और घर-घर तक ले जाएगी।