पुलिस ने हत्या का मामला सुलझाया
- फोटो : अमर उजाला
पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के जोगियाही स्थित रेलवे पटरी के पास 15 अगस्त को बरामद हुए युवक के कटे हुए शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक की पहचान अमरेंद्र सिंह उर्फ बब्लू सिंह (22 वर्ष), पुत्र जयराम सिंह, ग्राम सुआ के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक का पिछले पांच वर्षों से काजल कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। काजल की शादी 2022 में हो चुकी थी, लेकिन दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात जारी थी, जिस पर लड़की के परिजन नाराज रहते थे। राखी के मौके पर काजल मायके आई थी और 15 अगस्त को अमरेंद्र से स्कूल में मिली।
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: भाजपा ने सूर्या हांसदा ‘एनकाउंटर’ मामले में बनाई जांच टीम, कहा- यह हत्या है, एनकाउंटर नहीं
पुलिस के अनुसार, रात में मिलने की योजना बनते ही अभियुक्तों को इसकी भनक लगी। रात को अमरेंद्र मिलने पहुंचा, तब अभियुक्तों ने उसे पकड़कर घर ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से शव दो टुकड़ों में बंट गया।
पुलिस ने मामले में अभियुक्त योगेन्द्र यादव, राकेश यादव, कलावती देवी और बृक्ष यादव (सभी ग्राम सुआ, थाना सदर) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त रस्सी, गमछा, मोबाइल और बाइक भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दो से तीन घंटे में गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि यह हत्या का मामला है और सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।