झारखंड में चलती बस में 7 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म का एक और मामला सामने आया है।
झारखंड के खूंटी के पास सोमवार को चलती बस में सात वर्ष की बच्ची का शोषण किया। खूंटी स्थित स्कूल से घर लौटते वक्त बच्ची अपने दो भाइयों के साथ बस में सवार हुई थी।
एसडीपीओ अरविंद कुमार सिन्हा के मुताबिक पीडि़ता के पिता ने प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज की धारा चार के तहत खलासी बब्बन खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि दोपहर दो बजे स्कूल में छुट्टी होने के बाद तीनों भाई-बहन चाईबासा से रांची आने वाली बस शक्तिपुंज (जेएच 01 जेड -4773) में खूंटी चौक के निकट से सवार हुए। तीनों पीछे वाली सीट के पास खड़े हो गए।
बस के थोड़ा आगे जाने पर बब्बन खान गेट से बच्चों के पास आ गया। उसने बच्ची को अपनी गोद में पिछली सीट पर बैठा लिया। उसके दोनों भाइयों को आगे की सीट पर बैठा दिया।
इसके बाद उसने बच्ची का शोषण किया। गांव पहुंचने पर बच्ची ने अपनी मां को बताया कि खलासी ने उसके साथ गलत काम किया है। उसके भाइयों ने भी परिजनों को मामले की जानकारी दी। इस बारे में पता चलने पर गांव के दस युवकों ने बाइक से पीछा कर तुपुदाना ओपी के निकट बस को रोक लिया। बब्बन खान को बुरी तरह पीटा। तुपुदाना ओपी पुलिस ने खलासी को भीड़ से बचाकर खूंटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मैं ऐसा कर ही नहीं सकता : बब्बन
आरोपी बब्बन खान ने बताया कि वह दो बच्चों का पिता है। वह ऐसा कृत्य कर ही नहीं सकता। 25 साल से वह इसी बस में खलासी का काम कर रहा है। ऐसा आरोप कभी नहीं लगा।