आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने सोमवार को रांची स्थित सीबीआई कोर्ट में अपना बयान दर्ज दर्ज करवाया।
लालू प्रसाद यादव ने चारा घोटाले के केस संख्या आरसी 64ए/96 में बतौर आरोपी सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एके राय की अदालत में बयान दर्ज करवाया है।
अदालत में बयान दर्ज कराने के समय लोगों की काफी भीड़ कोर्ट परिसर में पहुंच गई थी। लालू ने बताया कि उन्हें इस मामले में फंसाया गया है और वो जल्द आरोप मुक्त होंगे। लालू बोले, 'मैं गंगा की तरह निर्मल हूं'।
इसी मामले में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र को भी सीबीआई कोर्ट में 11 जुलाई को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आये। अब उनका बयान 17 जुलाई को दर्ज किया जाएगा।
दूसरे आरोपी आरके राणा को भी कोर्ट ने 9 जुलाई को बयान दर्ज कराने को बुलाया था, पर वे भी नहीं पहुंचे। अब 15 जुलाई को कोर्ट ने उन्हें बुलाया है। मामले की सुनवाई अंतिम दौर में है।