फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jharkhand: हटिया के चुनावी रण में उतरीं ट्रांसजेंडर नगमा रानी; भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों को देंगी टक्कर

Sat, 26 Oct 2024 09:15 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड की हटिया विधानसभा उन 43 विधानसभा सीट में शामिल है, जहां 13 नवंबर को पहले चरण में मतदान होना है। इस चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को खत्म हो गई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हटिया सीट से कुल 30 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है।
विज्ञापन
झारखंड के रण में ट्रांसजेंडर नगमा रानी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के हटिया विधानसभा क्षेत्र के चुनावी रण में ट्रांसजेंडर उम्मीदवार नगमा रानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर कदम रखा है। जहां वो भाजपा प्रत्याशी नवीन जायसवाल और कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव को टक्कर देती नजर आएंगी। जानकारी के मुताबिक, नगमा रानी ने उच्च शिक्षा एवं रोजगार के लिए युवाओं के संघर्ष और गरीबों की निराशाजनक स्थिति को देखते हुए राजनीति की दुनिया में कदम रखने का फैसला लिया और 23 अक्तूबर को एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
विज्ञापन


'युवाओं को नौकरी के लिए संघर्ष करते देखकर दुख होता है'
वहीं इस मामले में नगमा रानी ने कहा, हम सड़कों पर समय गुजारते हैं और घरों का दौरा करते हैं। मुझे गरीब और असहाय युवाओं को उच्च शिक्षा और नौकरियों के लिए संघर्ष करते देखकर दुख होता है। निर्वाचन क्षेत्र में बुनियादी ढांचे या स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कोई महत्वपूर्ण काम नहीं किया गया है। इन्हीं चीजों ने मुझे राजनीति की दुनिया में कदम रखने और बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

पहले बिहार पुलिस में शामिल होना चाहती थीं नगमा
मूल रूप से बिहार की रहने वाली नगमा रानी रांची में पली-बढ़ीं। उन्होंने कहा, ट्रांसजेंडर होने के कारण मेरे माता-पिता ने बचपन में ही मुझे त्याग दिया था। इसके बाद मेरी गुरु संगीता नाग किन्नर ने रांची में मेरा पालन-पोषण किया। बिहार के मगध विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक नगमा बिहार पुलिस में शामिल होना चाहती थीं। उन्होंने बताया, मैंने कांस्टेबल पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन मेरी उम्र के कारण इसे खारिज कर दिया गया। उस समय, फॉर्म में ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के लिए अलग श्रेणी नहीं थी।
विज्ञापन


'जीतने पर अपने क्षेत्र के लोगों के लिए करूंगी काम'
नगमा ने कहा, मुझे पढ़ना-लिखना पसंद था, लेकिन सामाजिक बाधाओं के कारण मैं नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाई। मैंने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से पूरी की। नगमा पिछले कई वर्षों से समाज सेवा कर रही हैं और वह अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा लोगों की मदद के लिए दान करती हैं। उन्होंने कहा, अगर मैं जीतती हूं, तो मैं न केवल निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करूंगी कि झारखंड के योग्य छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। बता दें कि, हटिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,46,372 मतदाता हैं, जिनमें 23 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ मुकाबला 
वहीं भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के साथ अपनी प्रतिस्पर्धा के बारे में नगमा रानी ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने पिछले कुछ वर्षों में दोनों राष्ट्रीय दलों का काम देखा है। उन्होंने कहा, समुदाय से भारी समर्थन और प्रोत्साहन मिलने के बाद मैंने उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया। मैं अपने लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए चुनाव लड़ रही हूं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें