झारखंड के धनबाद में एक 16 साल की लड़की की छत से गिरकर मौत हो गई। आरोप है कि चार युवकों ने उसे कथित तौर पर छत से धक्का दे दिया, जिससे वह चार मंजिला अपार्टमेंट से नीचे गिर गई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बरवड्डा पुलिस स्टेशन के भेलातंड इलाके में बुधवार शाम 5.30 से छह बजे के बीच हुआ। पीड़िता की मां ने मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बताया गया है कि इनमें दो युवक उसी बिल्डिंग में रहते हैं, जहां लड़की रहती थी।
इस एफआईआर के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात को ही दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पीड़िता धनबाद के ही एक कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि अपार्टमेंट में ही रहने वाला एक लड़का, जो कि उनकी बेटी का सीनियर था, अक्सर उससे बात करता दिखता था।
लड़की की मां ने शिकायत में कहा कि उन्होंने इसे लेकर अपनी बेटी को डांटा था और चेतावनी दी थी कि वह उस लड़के से बात न करे। लेकिन बुधवार शाम को वह लड़की एक बार फिर लड़के के किसी दोस्त के साथ अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर बात करती दिखाई दी।
पुलिस के पास ये बड़े सवाल?
पुलिस का कहना है कि पीड़िता का परिवार अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि लड़की अपार्टमेंट की छत से धकेली गई है। छत से एक कुर्सी भी बरामद हुई है। वहां यह कुर्सी कैसे पहुंची और कौन लेकर गया? छत पर कितने लोग मौजूद थे? पुलिस इस बात की जांच कर रही है। पुलिस ने छत और लिफ्ट से कुछ फिंगर प्रिंट्स भी जुटाए हैं।
जिले की बाल कल्याण समिति के प्रमुख उत्तम मुखर्जी ने कहा कि कमेटी ने इस मामले का संज्ञान लिया है और घटनास्थल की जांच के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी की जाएगी।