भाजपा विधायक, सत्येंद्रनाथ तिवारी और कृषि मंत्री, शिल्पी नेहा तिर्की
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड की राजधानी रांची के सिरमटोली में फ्लाईओवर रैंप का निर्माण किया जा रहा है। जो आदिवासी समाज के बीच आक्रोश का कारण बन चुका है। दरअसल, जहां फ्लाईओवर के रैंप का निर्माण हो रहा है, वहां आदिवासी समाज का सरना स्थल है। आदिवासी समाज के द्वारा निर्माण कार्य के विरोध में शनिवार को रांची बंद बुलाया गया है, जिसको लेकर विधानसभा सत्र के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखा गया। कृषि मंत्री ने भाजपा पर इशारा करते हुए जहां भड़काने का आरोप लगाया तो वहीं भाजपा से गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि अब आदिवासी समाज का हेमंत सरकार से विश्वास उठ रहा है।
फ्लाईओवर रैंप के निर्माण कार्य को लेकर आदिवासी समाज में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।आदिवासी समाज द्वारा मांग किया जा रहा है कि फ्लाईओवर के रैंप का निर्माण कार्य बंद कराया जाए। लेकिन अब तक राज्य सरकार की ओर से इस ओर निर्णय नहीं लिया गया।
बता दें कि सरहुल पर्व नजदीक है। सिरमटोली सरना स्थल में सभी सरहुल के शोभायात्रा का पहुंचने की परंपरा है। ऐसे में आदिवासी समाज की मांग है कि जल्द इस दिशा में उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। आंदोलन के तहत समस्त आदिवासी संगठनों द्वारा रांची बंद का आह्वान किया गया है।आदिवासी समाज द्वारा बुलाया गया रांची बंद को लेकर सदन में पक्ष-विपक्ष के बीच जमकर बयानबाजी हुई। झारखंड सरकार में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने इशारों-इशारों पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी समाज के लोग मुख्यमंत्री से मुलाकात किए थे। उचित दिशा निर्देश दिया गया था। उसके बावजूद बंद बुलाई गई। इसमें कहीं न कहीं राजनीतिक संगठन का हाथ है, धर्म को राजनीति का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें: सोरेन सरकार के मंत्री ने केंद्र सरकार से की मांग, पूर्व CM चंपाई सोरेन के लिए मांगा यह पद
गढ़वा से भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने सता पक्ष के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि यह तो अबुआ सरकार आदिवासियों की हितैषी बताने वाली सरकार है। लेकिन इसके बावजूद आदिवासी समाज आक्रोशित होकर सड़क पर उतरने को मजबूर है। इसका मतलब अब आदिवासी समाज का हेमंत सरकार से विश्वास उठने लगा है। कांग्रेस से सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने कहा, सिरमटोली विवाद में बीच का रास्ता जरूर निकाला जाएगा, पूरा आदिवासी समाज एकजुट है।
यह भी पढ़ें: रूस में काम कर रहे गढ़वा के मजदूर का स्वदेश लौटा शव, सोरेन सरकार ने दिखाई थी सक्रियता; जानें
सरहुल पर्व खुशी-खुशी मनाएं, चिंता की कोई बात नहीं : हेमंत सोरेन
सदन में जब सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप के विवाद को लेकर आदिवासी समाज की मांग को रखा गया तो इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज को संदेश देते हुए कहा कि सरहुल का पर्व खुशी-खुशी मनाएं, चिंता की कोई बात नहीं है। सरकार इस दिशा पर काम कर रही है। जल्द उचित निर्णय ले लिया जाएगा।