लोकसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। अशोक चव्हाण, राज बब्बर, कमलनाथ के बाद अब दो और इस्तीफों की पेशकश आई है। निराशाजनक प्रदर्शन के बाद झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, असम कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। आपको बता दें कि राहुल गांधी खुद भी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं।
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य प्रभारी आरपीएन सिंह को उन्होंने अपना इस्तीफा भेजा है। कांग्रेस ने झारखंड सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि भाजपा ने 11 सीट जीती हैं।
झारखंड की 14 सीटों पर महागठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे के तहत कांग्रेस ने सात लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से सिर्फ सिंहभूम की सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा ने जीत दर्ज की। अन्य छह सीटों पर पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा।
झारखंड में लोकसभा चुनाव में एनडीए को हराने के लिए कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास मोर्चा और राजद ने मिलकर महागठबंधन बनाया था। महागठबंधन को 14 में से केवल 2 सीट पर ही जीत मिली। सिंहभूम से गीता कोड़ा के अलावा राजमहल सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय हांसदा जीते थे।