EC: चुनाव आयोग (ईसी) ने झारखंड सरकार को आदेश दिया है कि वह अनुराग गुप्ता को तत्काल प्रभाव से कार्यकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से हटा दे। सूत्रों के मुताबिक, ईसी ने यह भी निर्देश दिया है कि अनुराग गुप्ता की जगह उस विभाग में उपलब्ध सबसे वरिष्ठ डीजीपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
चुनाव आयोग (ईसी) ने झारखंड सरकार को आदेश दिया है कि वह अनुराग गुप्ता को तत्काल प्रभाव से कार्यकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से हटा दे। सूत्रों के मुताबिक, ईसी ने यह भी निर्देश दिया है कि अनुराग गुप्ता की जगह उस विभाग में उपलब्ध सबसे वरिष्ठ डीजीपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जाए। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि गुप्ता के खिलाफ शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। उनके खिलाफ पिछले चुनाव में काफी शिकायतें मिली थीं। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होंगे। पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
2019 के आम चुनाव के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने उन पक्षपातपूर्ण आचरण का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्हें झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा) के रूप में उनके कर्तव्यों से मुक्त कर दिया गया था। उस समय उन्हें दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर के कार्यालय में तैनात किया गया था। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक उनके झारखंड लौटने पर रोक लगा दी गई थी।
विज्ञापन
इससे पहले भी 2016 के राज्यसभा उपचुनाव के दौरान गुप्ता पर पद के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। वे तब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर थे। उस समय आयोग ने उनके खिलाफ एक जांच समिति गठित की थी। जिसके नतीजों के आधार पर विभागीय जांच के लिए उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी किया गया। इस मामले में जगन्नाथपुर थाने में उनके खिलाफ 2018 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद 2021 में झारखंड की झामुमो सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17 (ए) के तहत उनके खिलाफ जांच की अनुमति दी।
आईपीएस अजय कुमार होंगे अगले डीजीपी
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1989 बैच के अधिकारी अजय कुमार सिंह झारखंड के नए पुलिस महानिदेशक होंगे। अजय कुमार सिंह को पिछले साल फरवरी में भी झारखंड का डीजीपी बनाया गया था। हालांकि, उनको हटाकर गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उससे पहले अजय कुमार एसीबी के महानिदेशक के पद पर थे।