Jharkhand Naxal encounter : सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर हो गया है। वहीं, अभी-भी अन्य नक्सलियों के जंगल के आस-पास छिपे होने की संभावना जताई जा रही है। यह मुठभेड़ पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सौता गांव के घने जंगल में हुई है।
झारखंड की राजधानी रांची के पश्चिम सिंहभूमि जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सौता गांव के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार तड़के मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई, जब सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इस दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया है।
विज्ञापन
कई कारतूस और नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ
मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, कई कारतूस और नक्सली साहित्य भी बरामद हुआ है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आशंका है कि मारे गए नक्सली के अन्य साथी अब भी आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती कर दी गई है और इलाके की नाकेबंदी की गई है।
कई कुख्यात नक्सली अपने दस्तों के साथ सक्रिय हैं
आपको बता दें, कोल्हान और सारंडा के जंगल लंबे समय से भाकपा माओवादी के लिए सुरक्षित पनाहगाह माने जाते हैं। इन क्षेत्रों में मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, सागेन अंगरिया जैसे कई कुख्यात नक्सली अपने दस्तों के साथ सक्रिय हैं और सुरक्षा बलों को चुनौती देते रहे हैं।