नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति और सेप्टेज प्रबंधन योजनाओं में हो रही देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें।
झारखंड की राजधानी रांची समेत प्रदेश के अन्य शहरों के सुनियोजित और समग्र विकास के उद्देश्य से नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने की।
विज्ञापन
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी शहरों का विकास मास्टर प्लान के अनुरूप किया जाए। साथ ही शहर से सटे क्षेत्रों को भी शामिल किया जाए, जिससे भविष्य में नगरीय विकास में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि टीयर-1, टीयर-2 और टीयर-3 शहरों का विकास योजनाबद्ध ढंग से किया जाना आवश्यक है। बैठक के दौरान मंत्री ने पेयजल आपूर्ति और सेप्टेज प्रबंधन योजनाओं में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का समाधान तत्काल करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA के निदेशक अमित कुमार, DMA निदेशक सत्येन्द्र कुमार, विभाग की अपर सचिव ज्योत्स्ना सिंह, संयुक्त सचिव दीपक दूबे, रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह, JUIDCO के तकनीकी और प्रशासनिक परियोजना निदेशक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।