डुमरी विधायक जयराम महतो ने बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। महतो का आरोप है कि श्वेता सिंह और उनके समर्थकों ने उनपर हमला किया। यह घटना मंगलवार को हुई थी जब महतो कुछ प्रदर्शनकारियों से मिलने गए थे। ये प्रदर्शनकारी 3 अप्रैल को सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई कथित लाठीचार्ज में एक व्यक्ति की मौत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
बता दें कि बीते 3 अप्रैल को बोकारो स्टील प्लांट के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी घटना घटित हुई थी। इसको लेकर प्रदर्शनकारी सीआईएसएफ द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में इकट्ठा हुए थे। इस लाठीचार्ज में एक 26 वर्षीय व्यक्ति घायल हुआ और उसकी बाद में मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।
ये भी पढ़ें:- Iran: ईरान में अमेरिकी निवेशकों के लिए खुले रास्ते, राष्ट्रपति पेजेशकियन बोले- हम परमाणु बम के पीछे नहीं...
कांग्रेस समर्थकों पर लगाया आरोप
डुमरी विधायक महतो ने आरोप लगाया कि जब वह प्रदर्शनकारियों से मिलने मौके पर गए तो कांग्रेस समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और श्वेता सिंह के निर्देश पर उनकी कार की नंबर प्लेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही मामले में बोकारो स्टील सिटी थाने के प्रभारी सुदामा दास ने बताया कि महतो की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, श्वेता सिंह ने महतो की पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की आलोचना करते हुए कहा कि यह सस्ती राजनीति का उदाहरण है।
ये भी पढ़ें:- Supreme Court: कैशलेस इलाज योजना में देरी पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र को लगाई फटकार; मांगा स्पष्टीकरण
घटना के बाद डीआईजी दिग्विजय कुमार ने दिया था स्पष्टीकरण
हालांकि घटना के बाद डीआईजी दिग्विजय कुमार सिंह ने इसको लेकर अपना स्पष्टीकरण दिया था। साथ ही उन्होंने इस बात से इनकार किया था कि प्रदर्शनकरी की मौत सीआईएसएफ द्वारा किए गए लाठीचार्ज से हुई। उन्होंने कहा था कि हमने प्रदर्शनकारियों को भगाने की कोशिश की। उसी क्रम में कुछ लोग गिरे हैं। जिससे एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। हमने उसे अस्पताल भी पहुंचाया था। हमारे किसी भी जवान की मारने पीटने में कोई भूमिका नहीं है। हमारे 4 लोग घायल हुए हैं। हमारे फायर टेंडर के शीशे को भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया। प्रदर्शनकारी बहुत उग्र हो गए थे।