झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता ओमकार वर्णवाल के बेलबगान स्थित आवास पर गुरुवार देर रात नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर भीषण डकैती को अंजाम दिया। वारदात के समय झामुमो नेता घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी मंजू देवी, मां गिरजा देवी और बेटा सम्राट शिवम सो रहे थे।
अपराधियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर परिजनों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू से वार कर झामुमो नेता की पत्नी और मां को घायल कर दिया। इसके बाद अपराधी गोदरेज तोड़कर लगभग दो लाख रुपये नकद, कीमती जेवरात और लगभग डेढ़ लाख रुपये का आईफोन लूटकर फरार हो गए।
छत के रास्ते घुसे नकाबपोश अपराधी
रात करीब डेढ़ बजे चार नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते घर के भीतर दाखिल हुए। तीन अपराधियों के हाथ में पिस्तौल और एक के पास चाकू था। प्रवेश करते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर परिजनों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने झामुमो नेता के बेटे सम्राट शिवम की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और हिलने पर गोली मारने की धमकी दी। जब परिवार के सदस्यों ने विरोध करना चाहा, तो अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मंजू देवी के हाथ में चाकू लगा और वह घायल हो गईं। इसके बाद अपराधियों ने परिजनों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में रखा।
गोदरेज तोड़कर नकदी और जेवरात लूटे
अपराधियों ने परिजनों से गोदरेज की चाबी मांगी। चाबी न मिलने पर अपराधी भड़क गए और उन्होंने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मंजू देवी और गिरजा देवी जख्मी हो गईं। इसके बाद अपराधियों ने लोहे की रॉड से गोदरेज तोड़ दिया। गोदरेज में रखे लगभग दो लाख रुपये नकद, सोने का कंगन, मांगटीका और अन्य जेवरात निकाल लिए।
अपराधियों ने मंजू देवी के गले से सोने की चेन, कान की बाली, अंगूठी और पायल उतरवा लिए। गिरजा देवी के गले से भी चेन, बाली व पायल छिन लिए। इसके अलावा सम्राट शिवम से चांदी की चेन, ब्रेसलेट और डेढ़ लाख रुपये का आईफोन छीन लिया। शिवम के मांगने पर अपराधियों ने जाते समय गाड़ी में मोबाइल छोड़ने की बात कही।
कोड वर्ड में बात कर रहे थे अपराधी
पीड़ित परिवार के अनुसार अपराधियों की उम्र 30 से 40 वर्ष के आसपास थी। इनमें एक अपराधी काफी लंबा और तगड़ा था। लूटपाट के दौरान अपराधी आपस में बहुत कम बात कर रहे थे। पहचान और भाषा छिपाने के लिए वे आपस में कोड वर्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- कोयला संकट के बीच तेनुघाट पावर स्टेशन को राहत: 25 सितंबर से बंद दूसरी यूनिट फिर चालू; 320 मेगावाट तक उत्पादन
पुलिस जांच और घटनास्थल से मिले सुराग
घटना की सूचना रात लगभग दो बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर एक जोड़ा लावारिस चप्पल मिला, जो परिवार के किसी सदस्य का नहीं था। इसी बीच बंपास टाउन मोहल्ले में संदिग्धों की मौजूदगी की खबर मिलने पर पुलिस वहां पहुंची, लेकिन संदिग्ध फरार हो चुके थे।
चार दिन में दूसरी वारदात से बढ़ी चिंता
पुलिस नंदन पहाड़ स्थित एसबीआई एटीएम मशीन में हुई लूटकांड की जांच में जुटी हुई थी कि इस दूसरी घटना ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चार दिनों के भीतर हुई दो बड़ी वारदात से शहरवासियों में डर का माहौल है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।