भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में ग्रामीण विकास विभाग के एक जूनियर इंजीनियर के आवास से 2.44 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। एसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को जूनियर इंजीनियर सुरेश प्रसाद वर्मा को एक ठेकेदार से 10,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उसके आवास पर छापे मारे गए।
अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद ब्यूरो के अधिकारियों ने इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। उन्होंने बताया कि इंजीनियर से पूछताछ के बाद, एसीबी टीम ने आरोपी के घर में तलाशी अभियान चलाया और वहां से में 2.44 करोड़ रुपये नकद, 100 ग्राम सोना और जमीन के दस्तावेज जब्त किए।